bol bihar logo
बोल बिहार
सड़क यातायात भारतीय सड़क माणक एवम अनुशासन
अवि आर्यन

अवि आर्यन

Apr 07, 2022

सड़क यातायात भारतीय सड़क माणक एवम अनुशासन

निजी जीवन में लगभग अस्सी हज़ार किलोमीटर – स्कूटर/मोटरसाइकल/कार / साइकल चलाने के बाद जो तज़ुर्बा हुआ है – उसे प्रस्तुत कर रहा हूँ। कोई ज़रूरी नहीं कि आप इस मुद्दे पर मुझसे सहमत हो । आपका अपना खुद का भी निजी अनुभव हो – पर मेरा अनुभव तो यही है :--

पैदल यात्री :-- ये वो वर्ग है जिसकी कोई जिम्मेवारी ही नहीं है – है तो कोई पैदल यात्री समझता भी नहीं है – कोई ठोक दिया तो भुगतेगा भी ठोकने वाला ही – अपुन को तो दर्द भी होगा तो इलाज़ बीमा मुआवज़ा सब ठोकने वाले से ही वसूलेंगे – या तो जेब से देगा या दिलायेगा कहीं से भी।

साइकल सवार :– लगभग पैदल सा गैर-जिम्मेवार । अपन बच गए – बड़ी गाड़ी वाला घायल हुआ तो भी कौन पकड़ेगा ? साइकल में कौन सा नम्बर प्लेट लगा हुआ है ? बेशर्मो की तरह खीसें- निपोरते हुए चल देना है । सायकल टूट गयी या चोट लग गयी तो साइकल नई मिलेगी – इलाज़ – मुआवज़ा भी मिलेगा ही ।

गाय और महिला :– हमेशा खतरनाक , हार्न सुन कर कभी भी मचल सकती है – बिचक सकती है । घबरा कर कुछ भी कर सकती है – कभी आगे जायेगी – कभी पीछे जायेगी – कभी आगे जा कर वापस पीछे लौट जायेगी – कुछ भी तय नहीं। यहाँ भैस का ज़िक्र भी ज़रूरी है । मस्त-मौला – चाहें लाख हॉर्न बजाते रहें – अनसुना कर अपने गन्तव्य तक जायेगी ज़रूर ।

स्कूटर/मोटरसाइकल सवार :– सड़क पर सबसे उदण्ड – सबसे ज्यादा जल्दी में – पहाड़ी बकरी की तरह कहीं भी – कैसा भी – मौक़ा मिलना चाहियें – ज़रा सी जगह में घुसने के लिए तैयार – 150 CC या ज़्यादा शक्तिशाली बाइक सवार के तो कहने ही क्या ? हर पल वक़्त को पीछे छोड़ने के लिये तैयार।

बस :– वैसे तो ड्राइवर दस रूपये की सवारी बिठाने के लिए 15 मिनट तक गाड़ी आगे-पीछे करता रहेगा – परन्तु एक बार बस सड़क पर चल पड़ी तो – खुदा खैर करे । ड्राइवर बस को ऐसे भगायेगा मानो आइसक्रीम पिघल रही हो और जिसे सही सलामत घर वाली तक पहुँचाना लाज़मी हो । सड़क पर सिर्फ वही हो । हॉर्न वाद्य यन्त्र की तरह लगातार बजाता जायेगा – पर ब्रेक भूल जायेगा – और जैसे ही कोई सवारी सड़क पर दिखी – ब्रेक यूँ एकाएक लगायेगा ज़ैसे कोई भूली हुई बात याद आ गयी हो । पीछे से गाड़ी ठुकती हो तो ठूके । सरिया–रिंच-पाना लेकर लड़ने के लिये अपने बन्दे सदा तैयार होते है । वैसे भी लगभग सारी गाड़िया दादा पहलवान की होती है। जिसमें दम हो वही पंगे ले।

ट्रक :– आम हालात में सड़क का सन्त – बेचारा – फुर्सत में । कोई जल्दी नहीं – सारा काम आराम से । पुलिस वालों को बाँटता हुआ । अगर कोई जल्दी न हो तो इनके पीछे-पीछे चल पड़िये राह आसान हो जाता है । थोड़ी देर ही सही – पर यात्रा सुरक्षित ।

कार जीप वाले :-- मोटर साइकल वालों की तरह – रहते ये भी बेचैंन ही है । सदा उड़ने को तैयार – इस फ़िराक में – कभी खुद उड़ जाते है – कभी किसी को उड़ा देते है । ट्रक-ट्राले से कुछ ज़्यादा ही लगाव है । यदा-कदा ट्रकों में घुसते ही रहते है और सवारिया सीधे आखरी अंजाम पर । कोई ज़न्नत – कोई ज़हन्नम – जैसा कर्म वैसा रिज़ल्ट। SBI और MARUTI (बैंक और वाहन निर्माता ) के सहयोग से वाहन तत्काल और सहज उपलब्ध है । सड़कों पर वाहन ही वाहन है ।

बैल गाड़ी :– सड़क का सबसे घातक – खतरनाक वाहन । खास तौर पर रात में । माफ़ कीजियेगा देशी वाहन / किसानो का वाहन / गांव के वाहन का विरोधी नहीं हूँ पर हकीकत बयान करना ही पड़ता है । न टेल लाइट – न टेल लेम्प – न रेडियम-रिफ्लेक्टर – गति अत्यधिक कम । तेज़ गति से आ रहा वाहन चालक जब तक चौकन्ना होता है । गाड़ी नियंत्रण से बाहर । परिणाम जोरदार धमाके के साथ मिलन । जिसकी आयी हो उसे जाना ही पड़ता है । चूँकि ट्रेक्टर-ट्राला भी बिना टेल लाइट / लेम्प / रिफ्लेक्टर का होता है परन्तु गति थोड़ी ज़्यादा होने के कारण पीछे से आ रहे वाहन को सम्भलने का अवसर मिल जाता है । थोड़ी ब्रेकिंग डिस्टेन्स मिल जाता है।

पुराने वाहन :– अफसोस के साथ कहना पड़ता है कि सड़क पर बहुत से ऐसे वाहन चल रहें है जिन्हें भट्टी में पिघल जाना चाहियें था। लाइट इंडिकेटर टेल लाइट तो छोड़िये इनमें ढंग से ब्रेक भी नहीं लगता। दस रुपये की रेडियम पट्टी लगाना भी वाहन मालिक को फिजूल लगता है।

स्थानीय निवासी :– सड़क से लगा हुआ मकान हो तो – होली दिवाली का त्योहार भी सड़क पर – कोई लोहे का एंगल मोटरसायकल से ला रहा है तो कोई गन्ने का गट्ठर ही पीठ पीछे मोटरसायकल पर बांध कर ढो रहा है। किसकी ताक़त है कि लोकल दादाओं से भिड़ सकें। यहाँ तो हर आदमी अमिताभ बच्चन है – ऐंग्री यंग मैन। थोबड़े का नक्शा बदलवाना हो तो हुज़्ज़त करो।

आवारा पशु :– सुबह-सुबह बीच सड़क पर – सड़क घेर कर – मंडली जमा कर – रंभाती हुई गाय – या , आते-जाते वाहन चालकों पर भोंकते-लपकते हुए कुत्तों से – कई बार मेरा सामना हुआ है। कई बार इच्छा होती है कि काश ! मेरे पास कोई तमंचा होता फिर मैं ऑन-स्पॉट कुत्तों को शूट कर देता – उन गो-पालकों के पिछवाड़े अंगार भर देता जिन्हें दूध- दुहते समय ही याद रहता है कि वे गाय के मालिक है। दरअसल, वे गाय को नहीं पाल रहें बल्कि गाय उन्हें पाल रही है।

पाठको से एक निवेदन :-- जब भी सड़क मार्ग से यात्रा करें – कभी भी खाद्य पदार्थ या उसका रेपर चलते वाहन से सड़क पर न उड़ाए । भोजन की अभिलाषा में – उसकी खुशबु से आवारा पशु यथा कुत्ते बकरी गाय आकर्षित हो कर लपकते है और तीव्र गति से वाहन भगा रहा मोटरसाईकल सवार उनसे टकरा कर सड़क पर बिखर जाता हैं । वाहन बड़ा हुआ तो ज़ानवर गया। गाय-भैस ज़ैसे बड़े जानवर तो कार-जीप तक को पलटने में सक्ष्म है । आपकी अगली यात्रा सुरक्षित एवम मंगलमय हो ।

अवि आर्यन

अवि आर्यन

वेबसाइट और मोबाईल एप्लीकेशन डेवलपर। रुचि - टेक्नोलॉजी, खेल, राजनीति, धर्म, बिहार

Leave a comment

Related Posts

Categories